आगामी 12 नवंबर से शुरू होने वाले मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने में न हो कोई चूक : जिला निर्वाचन अधिकारी
देवरिया 05 नवंबर
आगामी 12 नवंबर से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रारंभ होने वाले मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) का प्रशिक्षण कार्यक्रम जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान सभी अधिकारियों को पुनरीक्षण कार्य के तहत आगामी 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं सहित अन्य पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बीएलओ एप एवं इसीआई नेट संचालित किया गया है। इसके संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इस संबंध में बताया गया कि इसके माध्यम से मतदाता पुनरीक्षण से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं को पूरा किया जाएगा। अधिकारियों को एप के सभी चरणों एवं तकनीकी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि जो मतदाता बीएलओ एप के माध्यम से स्वयं ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सकेंगे, उनके आवेदन बीएलओ अपने स्तर से ऑनलाइन भरेंगे। बीएलओ एप की एक-एक प्रक्रिया की बारीकियों से अधिकारियों को अवगत कराया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी ईआरओ, एईआरओ एवं बीएलओ एप तथा पुनरीक्षण कार्य के तकनीकी पहलुओं को भली-भांति समझ लें और इस कार्य का प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित करें। प्रयास यह होना चाहिए कि कोई भी अर्ह मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने से वंचित न रह जाए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में रुद्रपुर बीआरसी के सुबोध पांडेय ने एक-एक बिंदु की विधिवत जानकारी दी। इसके अतिरिक्त जनपद स्तरीय मास्टर ट्रेनर अभिषेक पांडेय, कंप्यूटर ऑपरेटर अरविंद शर्मा ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित बीएलओ एप एवं फार्म-6 आदि के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षण दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण का यह कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसमें लगे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी तन्मयता एवं सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा सभी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराना सुनिश्चित करें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह सहित सभी विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ एवं एईआरओ उपस्थित रहे।
आगामी 12 नवंबर से शुरू होने वाले मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

जैनेन्द्र कुमार गुप्ता
